उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। ऊधम सिंह नगर (यूएसनगर), नैनीताल और चंपावत जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने इन सातों जिलों के प्रशासन को तत्काल एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, जबकि राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी है।
अगले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
लगातार बारिश और भूस्खलन से प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, मलबा और बोल्डर गिरने से एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 115 सड़कें बंद हो गई हैं। सबसे अधिक 31 सड़कें पौड़ी जिले में बंद हैं, जबकि पिथौरागढ़, देहरादून, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और टिहरी में भी कई सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
भारी बारिश के मद्देनज़र एहतियात के तौर पर देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

