Thursday, October 29, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में बदला मौसम: केदारनाथ और गंगोत्री धाम में बर्फबारी, मसूरी में...

उत्तराखंड में बदला मौसम: केदारनाथ और गंगोत्री धाम में बर्फबारी, मसूरी में बारिश से बढ़ी ठंड

रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी/मसूरी। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम ने करवट ले ली है। गुरुवार सुबह केदारनाथ और गंगोत्री धाम में बर्फबारी होने से दोनों धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। वहीं, पहाड़ों की रानी मसूरी में सुबह से हो रही बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव का असर जनजीवन और पर्यटन गतिविधियों पर भी देखने को मिल रहा है।

बर्फ की सफेद चादर में लिपटा केदारनाथ धाम

केदारनाथ धाम में गुरुवार सुबह हुई बर्फबारी से बाबा केदार की नगरी का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया। बर्फबारी देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कोई बर्फ से ढके धाम की तस्वीरें खींचता दिखा, तो कोई सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को कैमरे में कैद करता रहा।

हालांकि, बर्फबारी के साथ ही धाम में ठंड भी बढ़ गई है। इसके बावजूद बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं। ऐसे में कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

गंगोत्री धाम में भी शुरू हुई बर्फबारी

गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फ से ढके पहाड़ों और धाम का नजारा आकर्षक हो गया है। बर्फबारी के कारण यहां ठंड बढ़ गई है और मौसम का मिजाज बदल गया है।

केदारनाथ में अब तक 18.53 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस यात्रा सीजन में अब तक 18,53,032 श्रद्धालु केदारनाथ धाम में दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को 8,376 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। कपाट बंद होने की तारीख नजदीक आने के बावजूद धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

निचले इलाकों में बादल, हल्की बारिश से गिरा तापमान

रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में भी गुरुवार सुबह से मौसम बदला रहा। जिला मुख्यालय के साथ ही ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मसूरी में बारिश से पर्यटकों की चहल-पहल कम

मसूरी में भी गुरुवार सुबह से बारिश होने के कारण ठंड बढ़ गई है। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। इसका असर शहर की सड़कों और पर्यटन गतिविधियों पर भी दिखाई दिया।

आमतौर पर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली मसूरी में बारिश के कारण रौनक कम नजर आई। ठंड बढ़ने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम खराब होने के चलते कई पर्यटक होटलों में ही समय बिताते दिखे, जबकि कुछ मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे।

पहाड़ों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट आई है। वहीं, केदारनाथ और गंगोत्री धाम में बर्फबारी के बीच श्रद्धालु प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments