उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बुधवार, 5 अगस्त को भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज गर्जन और बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है।
वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में बिजली चमकने और गरज के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 10 अगस्त तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है।
बागेश्वर और देहरादून में शिक्षण संस्थान बंद
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए बागेश्वर और देहरादून में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। बागेश्वर के जिलाधिकारी ने बुधवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में न जाने की अपील की है।

