देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून और टिहरी में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

