Saturday, April 25, 2026
Homeखास खबरसड़क दुर्घटना में श्री जगद्गुरु रामानंदाचार्य हंसदेवाचार्य का निधन, संत नगरी हरिद्वार...

सड़क दुर्घटना में श्री जगद्गुरु रामानंदाचार्य हंसदेवाचार्य का निधन, संत नगरी हरिद्वार में छाया शोक

जगन्नाथ धाम के नाम से महंत जगतगुरु हंसदेवाचार्य जी का हरिद्वार में आश्रम है। श्री पंचदशनाम जूना अखड़ा वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रा नंद गिरी ने कहा महंत जगतगुरु हंसदेवाचार्य जी के जाने से साधु समाज को क्षति हुई है। वह संत समाज का नेतृत्व करने वालों में से थे।

हरिद्वार : उन्नाव के बांगरमऊ में देवखरी के पास आज(शुक्रवार)सुबह हरिद्वार शहर निवासी महंत जगतगुरु हंसदेवाचार्य जी की फॉर्च्यूनर कार ट्रक में जा भिड़ी। हादसा इतना जोरदार था कि उनकी कार के परखच्चे उड़ गए। लहूलुहान हालत में उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जहां से उन्हें लखनऊ पीजीआई रेफर कर दिया गया। महंत जगतगुरु हंसदेवाचार्य जी की मृत्यु की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके अंतिम दर्शनों के लिए लखनऊ पीजीआई पहुंचे। वह प्रयागराज से दिल्ली जा रहे थे। यह हादसा सुबह 5 बजे उन्नाव के पास हुआ। पीजीआई में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूत्रों की माने तो लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी मेें उनका पोस्टमार्टम चल रहा है।

अस्पताल के बाहर साधु संतों के साथ भाजपा नेताओं ने एकत्र होना शुुरू कर दिया। कुंभ के दौरान महंत जगतगुरु हंसदेवाचार्य जी ने विहिप की धर्म संसद में प्रमुख भूमिका निभाई थी। राम मंदिर मुद्दे पर उन्होंने सरकार का साथ देते हुए नाराज साधु संतों को एकजुट करने का काम किया।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने कुंभ क्षेत्र में आकर महंत जगतगुरु हंसदेवाचार्य से कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया।

हंसदेवाचार्य का हरिद्वार से करीब 40 वर्ष पुराना नाता था

वैष्णव रामानंद संप्रदाय के श्री जगद्गुरु रामानंदाचार्य हंसदेवाचार्य का हरिद्वार से करीब 40 वर्ष पुराना नाता था। वह मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले के दुजाना गांव निवासी थे। उन्होंने 14 वर्ष की आयु में घर संसार छोड़ कर वैराग्य धारण कर लिया था और अपने गुरु पूरण जी महाराज के पास ऋषिकेश मनीराम जगरनाथ धाम आश्रम में चले आए थे। वहां से हरिद्वार आए और बड़ा अखाड़ा उदासीन के महामंडलेश्वर बने, तब उन्हें महामंडलेश्वर हंस दास जी महाराज के नाम से जाना जाता था।

2010 हरिद्वार कुंभ में उन्हें रामानंदाचार्य की उपाधि दी गई तब से वह इस संप्रदाय के सबसे बड़े गुरु के तौर पर पदस्थापित रहे और समाज को अपनी सेवाएं देते रहे। उन्होंने पूरे भारत में संत समाज की एकता पर भी काम किया और करीब 127 धार्मिक संप्रदाय को एक मंच पर लेकर आए और अखिल भारतीय संत समिति का संचालन किया। स्वामी हंस देवाचार्य गौ, गंगा और गायत्री की सेवा में जीवन पर्यंत बने रहे और पूरे राष्ट्र में इसको लेकर उन्होंने अलख जगाई। हालिया संपन्न प्रयागराज कुंभ में हुई धर्म संसद के भी वह अगुआ रहे। पिछले वर्ष दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में अखिल भारतीय संत समिति के बड़े सम्मेलन के आयोजन के प्रणेता भी रहे।

स्वामी हंस देवाचार्य की जितनी पकड़ संत समाज पर थी उतनी पकड़ उनकी भारतीय राजनीति और सरकार पर भी थी। यही वजह थी कि बड़े धार्मिक आंदोलनों और कार्यक्रमों को लेकर सरकार हमेशा उनके संपर्क में रहे और उनसे लगातार सलाह मशवरा करती रही। प्रयागराज कुंभ में भी राम मंदिर आंदोलन को लेकर होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों को लेकर संत समाज और सरकार के बीच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी वही बने रहे। हरिद्वार में भारत माता मंदिर के संस्थापक निवृत्त शंकराचार्य स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी और महामंडलेश्वर सीता शरण दास ने पिछले वर्ष दिसंबर में राम मंदिर निर्माण को लेकर जब देह त्याग की घोषणा की तब भी वे मामले को संभालने आगे आए और दोनों संतों से मिलकर अपने इस हठ को वापस लेने का सफल आग्रह भी किया।

जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी हंस देवाचार्य अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के पक्षधर थे और चाहते थे कि वहां पर जल्द से जल्द राम मंदिर निर्माण हो, पर इसके लिए वह देश के सांप्रदायिक सद्भाव से कोई समझौता नहीं करना चाहते थे। यही वजह थी कि वह इस मामले को लेकर हर आंदोलन के अगुआ तो रहे पर उन्होंने कभी भी ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जिससे देश का माहौल बिगड़े।

समाज सेवा में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा तमाम स्कूलों , चिकित्सालय और संस्कृत पाठशाला को तो वह अपना योगदान देते थे साथ ही वह चिकित्सालय का निर्माण भी करा रहे थे। उनका जन्म 1967 में हरियाणा के झज्जर जिले के एक गांव दुजाना में हुआ था, उनकी माता का नाम तारा देवी और पिता का नाम सूरजभान था। उन्होंने हाई स्कूल तक अपनी नियमित पढ़ाई की थी, इसके बाद पढ़ाई और घर छोड़कर धार्मिक शिक्षा के क्षेत्र में चले आए थे और संन्यास ग्रहण कर लिया था। स्वामी हंस देवाचार्य ने स्वामी पूरण दास जी महाराज से दीक्षा ग्रहण की थी और उन्हें अपना गुरु माना था।

संत जगत में उनके निधन से बड़ी क्षति हुई है। हरिद्वार के संतों ने इसे संत समाज समाज सेवा और राष्ट्र की अपूरणीय क्षति बताया है। उनके निजी फिर से लोकेश दास ने बताया कि स्वामी हंस देवाचार्य का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर एक बजे हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर होगा। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए हैं, जहां से उसे वायु मार्ग से हरिद्वार लाया जाएगा।

संत समाज ने एक प्रखर और विद्वान संत खोया

श्रीमद गुरु रामानंदाचार्य महामंडलेश्वर स्वामी हम देवाचार्य का ऋषिकेश तीर्थ नगरी से पुराना नाता रहा है। मनी राम मार्ग में श्री जगन्नाथ आश्रम में अपने गुरु महंत पूर्ण दास महाराज के साथ वह रहते थे। यहां से हरिद्वार जाने के बाद स्वामी हंस देवाचार्य समय-समय पर ऋषिकेश स्थित आश्रम और यहां आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होते थे। श्री जयराम आश्रम में उनका अक्सर आना होता था। स्वामी हंस देवाचार्य उन संतों में थे, जो गंगा की पावनता को लेकर संतों के गंगा में समाधि की बजाय संतों की अग्नि समाधि के पक्षधर थे। यहां खुले मंचों से उन्होंने यह बात उठाई और सरकार से संतो के अग्नि समाधि के लिए हरिद्वार में भूमि आवंटन की भी मांग की थी।जयराम आश्रम के अध्यक्ष ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी ने शुक्रवार को ज्योति विशेष विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी हंस देवाचार्य को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि संत समाज ने एक प्रखर और विद्वान संत खोया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments