रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने केदार सभा, बीकेटीसी प्रतिनिधियों और हक-हकूकधारियों के साथ धाम का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि धाम क्षेत्र में अभी भी 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है। जिलाधिकारी ने बताया कि बर्फ हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार सक्रिय हैं। बर्फ हटने के बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि यात्रा के दौरान स्थानीय व्यापार सुचारु रूप से संचालित हो सके।
प्रशासन की ओर से यात्रा शुरू होने से पहले पेयजल, विद्युत, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से बहाल करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए अलग-अलग विभागों की टीमें जल्द ही धाम में तैनात की जाएंगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि फिलहाल धाम में पुलिस के 3 और आईटीबीपी के 12 जवान तैनात हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए हैं। आने वाले समय में सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

