Saturday, July 25, 2026
Homeरुद्रप्रयागकोहरे और बारिश के बीच जारी चारधाम यात्रा, अगस्त में शुरू हो...

कोहरे और बारिश के बीच जारी चारधाम यात्रा, अगस्त में शुरू हो सकता है रुद्रप्रयाग का नया मोटर ब्रिज-टनल मार्ग

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में शनिवार सुबह से घना कोहरा और हल्की बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण दोनों धामों और आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में बाबा केदार और बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

केदारनाथ धाम में यात्रा प्रशासन की निगरानी में दर्शन व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। अब तक 14,14,590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो यात्रियों की आस्था और उत्साह को दर्शाता है। लगातार बारिश और कोहरे के कारण धाम में ठंड बढ़ गई है, लेकिन श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।

वहीं, बदरीनाथ धाम में भी सुबह से कोहरा छाया हुआ है और रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते तीर्थयात्रियों की संख्या में कुछ कमी देखी गई है, हालांकि दर्शन व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।

इधर, बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा मार्ग को अधिक सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग में निर्माणाधीन मोटर ब्रिज और टनल परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग करीब 900.30 मीटर और 200 मीटर लंबे मोटर ब्रिज का निर्माण कर रहा है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने 156 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।

विभाग के अनुसार, केदारनाथ और बदरीनाथ हाईवे को जोड़ने वाले ब्रिज और टनल का लगभग 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही पुल की लोड टेस्टिंग शुरू होगी। इसके बाद अगस्त में इस मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोले जाने की संभावना है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि टनल का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि पुल का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगस्त के अंत तक पुल को ट्रायल टेस्टिंग के लिए खोल दिया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग शहर में लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी और तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments