रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग की ओर से रुद्रप्रयाग जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार, 30 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार देर रात तक जिला आपदा परिचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) से मौसम की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों और केदारनाथ यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की। उन्होंने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने जनपदवासियों और यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है।
उधर, लगातार बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे पर भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। पालीगाड़, बाडिया गांव के नीचे और हनुमान चट्टी के पास मलबा और पत्थर आने से हाईवे पर आवाजाही बाधित बनी हुई है। पिछले कई दिनों से मार्ग बंद होने और यात्रा स्थगित रहने के कारण यमुनोत्री हाईवे पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
संबंधित विभागों की टीमें मार्ग से मलबा हटाने और हाईवे को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास में जुटी हैं। प्रशासन का कहना है कि मौसम अनुकूल होते ही यात्रा मार्गों को सुरक्षित बनाकर यातायात बहाल किया जाएगा।

