Wednesday, July 29, 2026
Homeरुद्रप्रयागरुद्रप्रयाग में मूसलाधार बारिश का कहर, जलभराव और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त;...

रुद्रप्रयाग में मूसलाधार बारिश का कहर, जलभराव और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त; 17 सड़कें बंद

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। अगस्त्यमुनि क्षेत्र में कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई सड़कें बाधित रहीं। प्रशासन राहत एवं मार्ग बहाली के कार्य में जुटा हुआ है।

नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के बसंत विहार, एसबीआई कॉलोनी और खंड विकास कार्यालय के पीछे स्थित क्षेत्रों में जलभराव से कई घरों और आंगनों में पानी घुस गया। कई संपर्क मार्ग भी पानी में डूब गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने हर बारिश में जलभराव की समस्या के लिए खराब ड्रेनेज व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया।

बारिश के चलते सिल्ली के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बंद हो गया। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल किया गया। वहीं अगस्त्यमुनि पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था।

लगातार बारिश और जलभराव के कारण चिल्ड्रन एकेडमी इंटरमीडिएट कॉलेज जाने वाला मार्ग भी जलमग्न हो गया। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल में अवकाश घोषित कर दिया गया।

जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है, हालांकि दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार अलकनंदा का जलस्तर 626.80 मीटर और मंदाकिनी का 625.50 मीटर दर्ज किया गया।

बारिश के कारण जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, सात राज्य मार्ग सहित कुल 17 सड़कें बाधित हैं। इनमें चार लोक निर्माण विभाग, चार पीएमजीएसवाई और एक एनपीसीसी मार्ग भी शामिल हैं। पिछले 24 घंटों में रुद्रप्रयाग में 10 मिमी, ऊखीमठ में 37.5 मिमी और जखोली में 12 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क रहने और नदी तटों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

उधर, जिला मुख्यालय के जवाड़ी बायपास स्थित संगम व्यू प्वाइंट के पास सड़क की रिटेनिंग वॉल भी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। सुरक्षा के मद्देनजर वहां अस्थायी बैरियर लगाए गए हैं। विभाग ने मौसम सामान्य होने के बाद स्थायी मरम्मत कराने की बात कही है।

राज्यभर में भी बारिश का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। भूस्खलन और मलबा आने से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्य मार्ग समेत कुल 111 सड़कें बंद हैं, जिनमें सबसे अधिक ग्रामीण सड़कें प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments