रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर यात्रा मार्ग के संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सेक्टर अधिकारियों, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम तक प्रशासनिक टीमें पूरे यात्रा मार्ग पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों, स्थानीय लोगों और दुकानदारों को मौसम की ताजा स्थिति से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
एहतियात के तौर पर केदारनाथ धाम स्थित संगम घाट क्षेत्र से यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि संभावित भारी बारिश और नदी के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
यात्रा मार्ग पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों की टीमें तैनात हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक जोखिम न लेने तथा यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

