नई टिहरी। प्रस्तावित टिहरी मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी से गजा क्षेत्र के पिफल्टी में स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के विरोध में शुक्रवार को नई टिहरी में जनाक्रोश फूट पड़ा। टिहरी मेडिकल कॉलेज संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन के बाद विशाल जनाक्रोश रैली निकालकर मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी में ही स्थापित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान नई टिहरी, बौराड़ी और बीपूरम बाजार पूरी तरह बंद रहे। रैली में शामिल लोगों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर मेडिकल कॉलेज को जिला मुख्यालय से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत ने कहा कि यदि सरकार ने मेडिकल कॉलेज का स्थान बदला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज को लेकर पूरे टिहरी क्षेत्र के लोग एकजुट हैं और इसके स्थानांतरण का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2022-23 में नई टिहरी के इणियां क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। शासन के निर्देशों के तहत टीएचडीसी ने प्रारंभिक निर्माण संबंधी कार्रवाई भी शुरू कर दी थी। इसके बावजूद अब मेडिकल कॉलेज को अन्यत्र ले जाने की चर्चाओं से क्षेत्र की जनता में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दो-दो मुख्यमंत्रियों की घोषणाओं के बाद भी यदि मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी से हटाने का प्रयास किया गया तो क्षेत्रवासी उग्र जनआंदोलन के लिए बाध्य होंगे। संघर्ष समिति ने सरकार से मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी में ही स्थापित करने की मांग करते हुए जल्द स्थिति स्पष्ट करने की अपील की है।

