दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में उत्तराखंड के चमोली और टिहरी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गोपेश्वर और नई टिहरी में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई और विभिन्न मांगें रखीं।
गोपेश्वर में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नगर तिराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी ने छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ हुई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई का विरोध जारी रखेगी। साथ ही नीट परीक्षा से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग भी उठाई।
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा रावत ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, नई टिहरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर नीट पेपर लीक मामले और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कथित अभद्रता के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नीट परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

