रुद्रपुर। भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को रुद्रपुर में किसानों का धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया। तीन दिवसीय यह आंदोलन 21 से 23 अगस्त तक चलेगा। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए ऊधमसिंह नगर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान रुद्रपुर पहुंचे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास भारी संख्या में बल तैनात किया है और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।
किसानों के वाहनों के लिए स्टेडियम रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जिलेभर से किसानों के पहुंचने के चलते शहर में हलचल बढ़ गई है। किसानों की प्रमुख मांगों में प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने और किसानों को जमीन का मालिकाना हक दिए जाने की मांग शामिल है।
किसानों के कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश को रोकने के लिए पुलिस ने चारों ओर बैरिकेडिंग कर रखी है। कलेक्ट्रेट में जाने से रोके जाने पर किसान हाईवे पर बैठ गए और विरोध जताया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर नहीं जाने दिया गया तो वे हाईवे पर ही धरना देंगे।
इस दौरान बैरिकेडिंग पर किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ किसानों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर अंदर जाने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं। आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

