Thursday, September 10, 2026
Homeऊधमसिंहनगररुद्रपुर में नितिन नवीन का पांच किमी तक होगा भव्य स्वागत, एक...

रुद्रपुर में नितिन नवीन का पांच किमी तक होगा भव्य स्वागत, एक हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को पहली बार रुद्रपुर पहुंचेंगे। यहां वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ रामपुर रोड स्थित आर्क होटल में आयोजित पंजाबी-सिख गौरव सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा ने भव्य स्वागत की तैयारियां की हैं। मैट्रोपोलिस मॉल से आर्क होटल तक करीब पांच किलोमीटर के मार्ग पर जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले के स्वागत के लिए शहर को भाजपा के झंडे, बैनर और पोस्टरों से सजाया गया है। मार्ग पर करीब एक दर्जन तोरणद्वार बनाए गए हैं। इन स्थानों पर विभिन्न समाजों के लोगों के लिए स्वागत स्थल और स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर पुष्पवर्षा की जाएगी।

भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी विजय सिंह तोमर के अनुसार, मैट्रोपोलिस मॉल से आर्क होटल तक अलग-अलग स्थानों पर समाजों की ओर से स्वागत किया जाएगा। मैट्रोपोलिस मॉल के पास शहर विधायक शिव अरोरा और महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में स्वागत होगा। अटरिया मंदिर मोड़ पर नगर निगम के पार्षद, वीटी चौक पर पंजाबी समाज, बस स्टैंड पर बंगाली समाज और त्रिशूल चौक पर पूर्वांचल समाज स्वागत करेगा।

इसी तरह सोनिया होटल के पास अनुसूचित जाति-जनजाति समाज, सरदार भगत सिंह महाविद्यालय के गेट पर फरजाना बेगम के नेतृत्व में मुस्लिम समाज और लोक विहार में भाजपा नेता अनिल चौहान के नेतृत्व में सर्वसमाज के लोग स्वागत करेंगे।

दोपहर एक बजे होगा सम्मेलन

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय कुमाऊं दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने हल्द्वानी में पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। गुरुवार को वे रुद्रपुर में पंजाबी-सिख गौरव सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम दोपहर करीब एक बजे शुरू होगा। मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट समेत पंजाबी-सिख समाज के जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

हाईवे रहेगा वन-वे

स्वागत जुलूस के दौरान हाईवे पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ को देखते हुए हल्द्वानी-रामपुर हाईवे पर करीब पांच से सात किलोमीटर के हिस्से में यातायात वन-वे रहेगा। पुलिस और प्रशासन ने बुधवार को शहर का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कीं। हाईवे के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा में तैनात होंगे एक हजार पुलिसकर्मी

नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों समेत जुलूस मार्ग पर करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस का फोकस सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments