हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार को हल्द्वानी में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया।
दोपहर करीब तीन बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में पहुंचे। इस दौरान उन्हें बाबा नीम करौली महाराज की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष शाम पांच बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम सात बजे कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे।
दो राजनीतिक प्रस्ताव हुए पारित
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प का प्रस्ताव केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने रखा।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल पर चर्चा की गई। इस दौरान उनके कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आभार व्यक्त किया गया।
वहीं, वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस के रुख की भी भाजपा ने निंदा की। दूसरे राजनीतिक प्रस्ताव में हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए गए। बैठक में भाजपा ने विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प लिया। साथ ही कांग्रेस का जनता के बीच खुलकर विरोध करने की बात कही गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से कार्यकर्ताओं में उत्साह
नैनीताल भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी पहुंचने से पूरे नैनीताल जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक पल बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष को देखने और सुनने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के नैनीताल दौरे से पूरे उत्तराखंड में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यकर्ता उनका गर्मजोशी से स्वागत कर रहे हैं और कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत और जश्न के लिए जुट रहे हैं।

