उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के कालिंदी ट्रेक स्थित ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स को सोमवार को सफलतापूर्वक सुरक्षित निकाल लिया गया। सभी ट्रेकर्स को हेलिकॉप्टर के जरिए सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें आर्मी बेस हर्षिल स्थित चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय टीम ने सभी की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी है।
शासन से समन्वय के बाद सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। एसडीआरएफ नियंत्रण कक्ष से पूरे अभियान की लगातार निगरानी की गई और मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मौसम खुलने के बाद अभियान में तेजी आई।
बताया गया कि खराब मौसम के कारण उत्तरकाशी जिले के विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 136 पर्वतारोही फंसे हुए थे। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सोमवार सुबह छह बजे से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान में एसडीआरएफ, जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और यूसीएडीए की टीमें संयुक्त रूप से जुटी हैं।
एसडीएम शालिनी नेगी ने बताया कि 29 पर्वतारोहियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया है। वहीं, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी रेस्क्यू अभियान की समीक्षा करने और धरातल पर स्थिति का जायजा लेने के लिए हर्षिल पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ली रेस्क्यू अभियान की जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में गए ट्रैकर्स और पोर्टरों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी पर्यटकों को तत्काल चिकित्सीय सहायता, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाला हर तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है और उसकी सहायता करना सरकार का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही बंद सड़कों को खोलने और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर कराने को कहा।

