उत्तरकाशी। जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में चल रहे सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को हंगामा हो गया। प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और जिला योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल पूछने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के गेट पर रोक दिया।
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। झड़प के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कपड़े भी फट गए। बाद में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने आरोप लगाया कि प्रभारी मंत्री जिला योजना के आवंटन को ठेकेदारी प्रथा रोकने से जोड़ रहे हैं, लेकिन जिले में जिला योजना के तहत आवंटित धनराशि में कथित तौर पर कमीशनखोरी और अनियमितताएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कमीशनखोरी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष राणा ने भी सरकार पर जिले की मूलभूत व्यवस्थाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है, कई स्कूल बंद हो रहे हैं और सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरे जा रहे हैं। उन्होंने आईटीआई और पॉलिटेक्निक भवनों के निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई भवनों का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आम जनता सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं से परेशान है, जबकि सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया।

