उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव जानकीचट्टी में शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर कुली एजेंसी से जुड़े मजदूरों के बीच विवाद हो गया। यात्रियों को बुलाने की होड़ में मजदूरों के बीच खींचतान और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। अचानक हुए हंगामे से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
बताया गया कि सुबह जानकीचट्टी में यात्रियों की आवाजाही के दौरान कुली एजेंसी से जुड़े मजदूर श्रद्धालुओं को अपनी-अपनी ओर बुलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनके बीच कहासुनी के बाद हुड़दंग और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इससे यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रा सीजन में जानकीचट्टी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां से आगे यमुनोत्री धाम के लिए पैदल मार्ग शुरू होता है। ऐसे में यात्रा के प्रमुख पड़ाव पर इस तरह की घटना से यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त व्यवस्था और निगरानी होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मामले में एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि पुलिस और जिला पंचायत को इस संबंध में अवगत कराया जाएगा। उन्होंने व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

