Tuesday, July 21, 2026
Homeउत्तरकाशीहर्षिल पुलिस पर टैक्सी चालक से मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग...

हर्षिल पुलिस पर टैक्सी चालक से मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर चालकों का प्रदर्शन

उत्तरकाशी। भटवाड़ी टैक्सी स्टैंड के पदाधिकारियों और टैक्सी-मैक्सी वाहन चालकों ने सोमवार को हर्षिल पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चालकों ने पुलिस पर टैक्सी चालक के साथ मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।

चालक अरविंद चौहान के अनुसार, वह रविवार को भटवाड़ी टैक्सी स्टैंड से सवारी लेकर गंगोत्री जा रहा था। हर्षिल में पुलिस चेकिंग अभियान चल रहा था। आरोप है कि चेकिंग स्थल से करीब 100 मीटर आगे बढ़ने पर एसआई सुनील तोमर और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसका वाहन रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक का आरोप है कि पुलिस उसे वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी और इसी दौरान उसे वाहन से कूदने के लिए उकसाया गया। चालक वाहन से कूद गया और नदी में बहने से बाल-बाल बच गया।

घटना के बाद पुलिस और पीआरडी के जवानों ने चालक को नदी से बाहर निकालकर हर्षिल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घायल चालक से मिलने पहुंचे दूसरे चालक धर्मेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया वीडियो हटवा दिया। बाद में घायल चालक को जिला अस्पताल भेजा गया।

घटना से नाराज टैक्सी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय से मुलाकात कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो भटवाड़ी टैक्सी स्टैंड से वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।

इस मामले में एसपी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद हर्षिल थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments