उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड के दूरस्थ फीताड़ी गांव में देर रात अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आकर 12 लकड़ी के आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि तीन गाय जिंदा जल गईं।
7 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में करीब सात घंटे का समय लग गया। ग्रामीणों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लकड़ी के मकान और घनी बस्ती होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
आसपास के घरों पर भी मंडराया खतरा
गांव में अधिकतर मकान लकड़ी के बने होने और उनके बीच दूरी कम होने के कारण बड़े अग्निकांड का खतरा बना रहा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया।
राहत-बचाव कार्य जारी
मौके पर तहसील प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अग्निशमन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें भी मौके के लिए रवाना की गईं।
ग्राम प्रधान ने दी जानकारी
तहसील मोरी के ग्राम फीताड़ी के प्रधान के अनुसार, गांव में 12 आवासीय भवनों में आग लगने की पुष्टि हुई है।
मंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी उत्तरकाशी को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन सचिव से बात कर प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत और सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

