Friday, October 30, 2026
Homeउत्तरकाशीनिम में होगी राष्ट्रीय स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप, एशियन गेम्स और ओलंपिक के...

निम में होगी राष्ट्रीय स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप, एशियन गेम्स और ओलंपिक के लिए चयनित होगी टीम

उत्तरकाशी: नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) के स्पोर्ट क्लाइम्बिंग सेंटर में राष्ट्रीय स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप होगी। इसके लिए इन दिनों निम में तैयारियां चल रही हैं।

यह चैंपियनशिप 12 अगस्त से 14 अगस्त तक होनी है। जिसके बाद निम से ही एशियन गेम्स और ओलंपिक के लिए क्लाइम्बिंग टीम चयनित होनी है तथा टीम को प्रशिक्षण दिया जाना है।

राष्ट्रीय स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप के लिए निम को पहली बार मेजबानी मिली है। इससे पहले निम में जून माह में नार्थ जोन स्पोर्ट क्लाइम्बिंग प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नई दिल्ली की अध्यक्ष डा. हर्षवंती बिष्ट सहित पर्वतारोहण की कई हस्तियां शामिल हुईं।

निम का स्पोर्ट कलाइम्बिंग सेंटर अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर बना हुआ है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी  में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप में देश के अलग-अलग जोन की सात टीमें प्रतिभाग करेंगी। इन सात टीमों में 250 प्रतिभागी होंगे। जो लीड क्लाइम्बिंग, बोल्डरिंग क्लाइम्बिंग, स्पीड क्लाइम्बिंग में प्रतिभाग करेंगे।

निम में भारत का पहला इंडोर स्पोर्ट क्लाइम्बिंग सेंटर
राष्ट्रीय स्तर की यह चैंपियनशिप भारतीय पर्वतारोहण संस्थान और निम के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जा रही है। निम के प्रधानाचार्य और भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नार्थ जोन के चेयरमैन कर्नल अमित बिष्ट ने कहा कि निम में भारत का पहला इंडोर स्पोर्ट क्लाइम्बिंग सेंटर है।

इस सेंटर में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग की प्रतिभाओं का तराशा जा रहा है। जो भविष्य में ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकेंगे। जून माह में नार्थ जोन की प्रतियोगिता में सात राज्यों के 150 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।

कर्नल अमित बिष्ट ने बताया कि गत वर्ष टोक्यो ओलंपिक गेम्स के स्पोर्ट क्लाइम्बिंग में स्पेन के अल्बेट्रो गिनेज ने पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। जबकि स्लोवेनिया की जंजा गार्नब्रेट ने महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। जिससे अब स्पोर्ट क्लाइम्बिंग केवल शौकिया सहासिक खेल नहीं है बल्कि स्पोर्ट क्लाइंबिंग में पदक और रोजगार भी जुड़ गया है।

भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नार्थ जोन के चेयरमैन कर्नल अमित बिष्ट कहते हैं कि उत्तरकाशी और निम के लिए यह बड़े सौभाग्य और गर्व की बात है कि क्लाइम्बिंग स्पोर्ट की राष्ट्रीय स्पर्धा उत्तरकाशी निम में होने जा रही है। देश के 250 प्रतिभागियों में से उत्तराखंड के आठ खिलाड़ी शामिल होंगे। जो सब जूनियर, जूनियर और सीनियन वर्ग में प्रतिभाग करेंगे।

ये प्रतिभागी देश भर से आने वाली क्लाइम्बिंग स्पोर्ट टीम में साउथ जोन, नार्थ जोन, ईस्ट जोन, नार्थ ईस्ट जोन, आर्मी सर्विसेज टीम और पैरा मिलिट्री टीम में शामिल हैं। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के शुभारंभ के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया गया है। साथ ही पर्वतारोहण की कई हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments