बड़कोट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर 16 सितंबर को यमुनोत्री धाम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मंदिर के रावल श्री पुरुषोत्तम उनियाल समेत अन्य पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। पुजारियों ने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर यमुनोत्री धाम में धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना की गई।
पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अपने बधाई संदेश में प्रधानमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु की कामना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र और समाज के हित में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों से मुख्यमंत्री के जीवन में यश और गौरव बढ़े। उन्होंने विश्वास जताया कि धामी के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश शक्ति की सप्तधारा के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की ओर अग्रसर है। ऐसे में प्रदेश के सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नए आयाम देने के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। इस दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सक्रिय योगदान अहम भूमिका निभाएगा।

