चमोली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 6 अगस्त को चमोली जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में 6 अगस्त को अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी विद्यालयों के साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने खराब मौसम के मद्देनजर लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

