देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें और ऊर्जा की बचत करें, तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ा योगदान होगा।
उन्होंने कहा कि एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचना, खेती में रासायनिक उर्वरकों की बजाय प्राकृतिक खाद का इस्तेमाल करना तथा खाद्य तेल का संयमित उपयोग करना जैसे छोटे-छोटे संकल्प भी राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा, जब हर नागरिक अपने स्तर पर योगदान देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जनआंदोलन का रूप देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सभी नागरिकों की सहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

