देहरादून। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने देहरादून जिले के भोपालपानी, बडासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों में आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का दौरा किया। यह शिविर क्रिसिल फाउंडेशन के सहसपुर स्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र (सीएफएल) द्वारा स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के सदस्यों के लिए आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर गवर्नर ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर बल देते हुए कहा कि इससे नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों को वित्तीय जागरूकता बढ़ाने, दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने तथा सरकार की पेंशन और बीमा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सीएफएल अधिकारियों से अपील की कि वे दूरदराज और वंचित क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर अधिक से अधिक लोगों को वित्तीय रूप से शिक्षित करें, ताकि समावेशी विकास को बढ़ावा मिल सके। साथ ही उन्होंने प्रतिभागियों से शिविर में मिली जानकारी को अपने परिवार और समाज में साझा करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान गवर्नर ने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से बातचीत की और उनके कार्यों की सराहना की। शिविर में बिजनेस कोरेस्पोंडेंट्स द्वारा बैंकिंग सेवाएं प्रदान की गईं, जबकि सिक्कों और नोटों के आदान-प्रदान के लिए विशेष काउंटर भी लगाए गए थे। इसके अलावा, एक मोबाइल एटीएम वैन की सुविधा उपलब्ध कराई गई और एसएचजी समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें गवर्नर ने विशेष रुचि दिखाई।
इस मौके पर आरबीआई देहरादून के क्षेत्रीय निदेशक अरविंद कुमार सहित पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

