ऋषिकेश। नगर निगम क्षेत्र से सटे खैरी खुर्द ग्रामसभा में पिछले तीन सप्ताह से गुलदार की मौजूदगी ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार सुबह राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठाकुरपुर पहुंचे शिक्षक और बच्चे परिसर में खून और पशु के अवशेष देखकर सहम गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
वन विभाग के कर्मचारियों को विद्यालय परिसर के आसपास गाय के बाल और अन्य अवशेष मिले। जांच के बाद प्रथम दृष्टया सामने आया कि गुलदार ने गाय का शिकार किया है। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के वन क्षेत्र में गुलदार की तलाश शुरू कर दी।
ग्राम प्रधान शकुंतला बिष्ट और आशीष बिष्ट ने बताया कि गुलदार को पहले भी विद्यालय से सटे वन क्षेत्र में कई बार देखा जा चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार रात के समय गुलदार विद्यालय परिसर में भी घूमता नजर आया है। उन्होंने कहा कि गुलदार को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है, जिससे स्कूली बच्चों के साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

