देहरादून के आशारोड़ी में आयोजित दिव्यांशु की शोकसभा में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने उत्तराखंड पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “यह देवभूमि है, इसे बचा लो,” और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
टिकैत शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसानों के साथ दून कूच कर आशारोड़ी पहुंचे, जहां हाल ही में हुए दिव्यांशु हत्याकांड के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई गई। शोकसभा के दौरान दिव्यांशु के बाबा फूट-फूटकर रो पड़े, जिन्हें मौजूद लोगों ने सांत्वना दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। इस बीच, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
टिकैत ने कहा कि देहरादून में छात्रों के खिलाफ बढ़ रही आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांशु जाट राणा की जिस तरह छात्रों के एक समूह द्वारा हत्या की गई, उससे युवाओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

