देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक हो रही बारिश ने लोगों को चौंका दिया है। बुधवार सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का एहसास बढ़ गया है।
वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी जारी है। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में लगातार हो रही बर्फबारी से ठंड और बढ़ गई है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हल्की से मध्यम बारिश, बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 8 अप्रैल को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार, तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

