Thursday, August 6, 2026
Homeदेहरादूनडोईवाला में सड़क पर दिखा गुलदार, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग से...

डोईवाला में सड़क पर दिखा गुलदार, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग से कार्रवाई की मांग

डोईवाला (देहरादून)। लच्छीवाला वन रेंज से सटे आबादी वाले इलाकों में गुलदार की लगातार बढ़ रही गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गुरुवार सुबह करीब 9:54 बजे दूधली मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क पर गुलदार दिखाई दिया। गुलदार को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने गुलदार की तस्वीर मोबाइल में कैद कर ली, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गई।

घरों और छतों के आसपास भी दिख रहा गुलदार

ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से दूधली, सिमलास ग्रांट, झड़ोंद और नागल बुलंदावाला समेत आसपास के क्षेत्रों में गुलदार लगातार दिखाई दे रहा है। कई बार गुलदार लोगों के घरों के आसपास और छतों पर घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद वन विभाग की ओर से गुलदार को पकड़ने के लिए अब तक पिंजरा लगाने या अन्य प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के लोग पहले से ही जंगली हाथियों के आतंक से परेशान थे। अब गुलदार की बढ़ती सक्रियता ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। पहले जहां शाम ढलने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से बचते थे, वहीं अब दिन में भी आवाजाही को लेकर डर बना हुआ है।

वन विभाग को दी कार्रवाई की चेतावनी

ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि यदि वन विभाग ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने प्रभावित इलाकों में तत्काल पिंजरे लगाने, वन विभाग की गश्त बढ़ाने और आबादी वाले क्षेत्रों में निगरानी तेज करने की मांग की है। कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश भी बढ़ रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments