देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सत्यापन अभियान के तहत अब तक 24,30,157 नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं। इनमें से करीब 20 लाख यानी 83 प्रतिशत नोटिस संबंधित लोगों तक पहुंच चुके हैं, जबकि 16.56 प्रतिशत नोटिस का वितरण अभी बाकी है। यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि वितरित किए गए नोटिसों में करीब 90 प्रतिशत विसंगतियों से संबंधित हैं। अब तक 57,493 लोगों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, जबकि करीब 22 हजार लोगों ने नाम हटाने के लिए आवेदन किया है।
नाम हटाने के आवेदनों की होगी जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी। इसकी समीक्षा के लिए हर सप्ताह बैठक आयोजित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) की संतुष्टि सबसे महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का घर आपदा में बह गया है और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) व ERO मामले की परिस्थितियों से संतुष्ट हैं, तो नोटिस का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।

