टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के पुंडोली गांव के भेलगड्डी क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दीं। लगातार बारिश के बाद भेलगड्डी गदेरे में अचानक भारी जलप्रवाह और मलबा आने से गांव को जोड़ने वाला नवनिर्मित लकड़ी का पुल बह गया। पुल बहने से ग्रामीणों का एकमात्र आवागमन मार्ग बंद हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान गदेरे के दूसरी ओर फंसी विजय लक्ष्मी पत्नी गबर सिंह को एसडीआरएफ के जवानों ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। जवानों ने उफनते गदेरे के तेज बहाव के बीच रस्सी (रोप) की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
रस्सी के सहारे महिला को निकाला सुरक्षित
एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर गब्बर सिंह नेगी ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे तहसील और थाना घनसाली से सूचना मिली थी कि पुल बह जाने के कारण एक महिला गदेरे के दूसरी ओर फंस गई है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर गदेरे में तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में पानी और मलबा आ रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर पांच-छह लोग मौजूद थे। अन्य लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए, जबकि विजय लक्ष्मी देवी गदेरे के पास फंस गई थीं। टीम ने तत्काल रोप रेस्क्यू तकनीक अपनाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
अस्थायी पुल बनाने का काम शुरू
पुल बहने के बाद गदेरे के दूसरी ओर रहने वाले ग्रामीणों की आवाजाही बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अस्थायी पुल का निर्माण शुरू कर दिया है। प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
रेस्क्यू अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी मंजू राजपूत, तहसीलदार हरीश जोशी, थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की अन्य टीमें मौके पर मौजूद रहीं। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से बारिश के दौरान गदेरों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

