देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। वह जोहड़ी स्थित उनके आवास पहुंचे और दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल देने की प्रार्थना की।
सीएम धामी ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेशभर में “ऑपरेशन प्रहार” चलाकर अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
बताया जा रहा है कि सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी रोज की तरह अपने तीन साथियों के साथ सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान दो तेज रफ्तार कारों में सवार युवक आपस में फायरिंग कर रहे थे, जिसकी चपेट में आकर एक गोली ब्रिगेडियर जोशी के सीने में लग गई। उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं था।
परिजनों के अनुसार, ब्रिगेडियर जोशी ने 62 वर्ष की उम्र तक सेना में सेवा दी और कई महत्वपूर्ण अभियानों का हिस्सा रहे। उनके भीतर देश सेवा का जज्बा हमेशा कायम रहा, जिसका प्रमाण है कि उन्होंने अपने बेटे को भी नौसेना में भेजा।
घटना के बाद पुलिस ने जेन-जी क्लब को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक इसी क्लब से पार्टी कर निकले थे और क्लब में ही उनका विवाद हुआ था। यह क्लब पहले भी कार्रवाई का सामना कर चुका है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

