प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून पहुंच गए। एयरपोर्ट पर उनके आगमन के साथ ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आईं और अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इसके बाद प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर से सहारनपुर के गणेशपुर स्थित हेलीपैड के लिए रवाना हुए, जहां वे लगभग 10:50 बजे पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह 11:10 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर के व्यू प्वाइंट का निरीक्षण करेंगे।
प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके आगमन पर फूल बरसाकर भव्य स्वागत की तैयारी की गई है।
वहीं देहरादून के गढ़ी कैंट कैनाल रोड पर लोक कलाकार और बच्चे भी पारंपरिक अंदाज में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पहले से ही मौजूद रहे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बल्लुपुर चौक पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

