Wednesday, September 16, 2026
Homeहरिद्वारसीएम धामी की सख्ती का असर, शिकारपुर लंढौरा में सुचारू हुई पेयजल...

सीएम धामी की सख्ती का असर, शिकारपुर लंढौरा में सुचारू हुई पेयजल आपूर्ति

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद हरिद्वार के शिकारपुर लंढौरा में पेयजल की समस्या का समाधान हो गया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत करने वाली गीता के घर समेत पूरी कॉलोनी में अब नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने 14 सितंबर को हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान गीता से वार्ता कर अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मंगलवार को शिकारपुर लंढौरा पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गीता के आवास पर पहुंचकर पेयजल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गीता के घर सहित पूरी कॉलोनी में पानी की आपूर्ति सुचारू मिली।

नई टंकी से शुरू हुई पानी की आपूर्ति

पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विकसित कॉलोनी में पहले अस्थायी रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा था। पेयजल लाइन में कम दबाव के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कॉलोनी में बनाई गई नई पानी की टंकी से पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई। सोमवार शाम से ही शिकायतकर्ता समेत अन्य कॉलोनीवासियों को नियमित पानी मिलने लगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कॉलोनीवासियों की पानी की टंकियों में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई।

शिकायत का कराया गया निस्तारण

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत पर पूरी रिपोर्ट तैयार कर समस्या का निस्तारण कराया गया है। नई पानी की टंकी से आपूर्ति शुरू होने के बाद लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या दूर हो गई है।

पेयजल आपूर्ति सुचारू होने पर गीता और कॉलोनी के अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार जताया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments