Tuesday, August 4, 2026
Homeहरिद्वारहरिद्वार में कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा, डाक कांवड़ के लिए बैरागी...

हरिद्वार में कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा, डाक कांवड़ के लिए बैरागी कैंप तैयार

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ियों का विशेष सम्मान करते हुए उनके पैर धोए। इस दौरान पूरे कांवड़ मार्ग पर भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आने वाले दिनों में डाक कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ यात्रा और रफ्तार पकड़ेगी।

इधर, कांवड़ मेले के प्रमुख पड़ावों में शामिल कनखल का बैरागी कैंप भी डाक कांवड़ियों की आमद के लिए पूरी तरह तैयार हो गया है। चार अगस्त को पंचक समाप्त होने के बाद डाक कांवड़ियों के बड़े जत्थे हरिद्वार पहुंचने शुरू हो जाएंगे। इसके चलते अगले पांच दिनों तक बैरागी कैंप श्रद्धालुओं, वाहनों और अस्थायी बाजारों की चहल-पहल से गुलजार रहने की उम्मीद है।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था तैयार

डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने बैरागी कैंप में पार्किंग स्थलों को तैयार कर लिया है। पुलिस ने पार्किंग और निकासी मार्गों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। लक्सर-जगजीतपुर की ओर से आने वाले डाक कांवड़ वाहनों को बैरागी कैंप में पार्क कराने के बाद शंकराचार्य चौक और सिंहद्वार मार्ग से आगे भेजने की योजना बनाई गई है।

कैंप क्षेत्र में अस्थायी दुकानों और शिविरों का निर्माण भी तेज हो गया है। पूजा सामग्री, खानपान और अन्य जरूरी सामान की दुकानें सजने लगी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रात के समय प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त कर ली गई है।

पांच दिन गुलजार रहेगा बैरागी कैंप

हर साल बैरागी कैंप डाक कांवड़ यात्रियों के लिए प्रमुख पड़ाव रहता है। जलाभिषेक से करीब पांच दिन पहले हजारों डाक कांवड़िए अपने वाहनों के साथ यहां पहुंचने लगते हैं। आने वाले दो-तीन दिनों में कांवड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ने की संभावना है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि डाक कांवड़ वाहनों के लिए यातायात योजना तैयार कर ली गई है। बैरागी कैंप में सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि बढ़ती भीड़ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments