सोमवती अमावस्या और आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए प्रशासन ने मनसा देवी मंदिर और पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अधिकारियों की टीम के साथ मंदिर परिसर और पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्थाओं में मिली खामियों को जल्द दूर करने तथा अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए।
पिछले वर्ष मनसा देवी पैदल मार्ग पर हुई भगदड़ की घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में अनावश्यक दुकानों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत ने भी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और कांवड़ मेले में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, इसलिए किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्रीमहंत ने मंदिर के पुजारियों को भी सख्त चेतावनी दी कि कोई भी पुजारी आशीर्वाद देने के बहाने किसी महिला या श्रद्धालु को स्पर्श नहीं करेगा। ऐसा करने वाले पुजारी को तत्काल मंदिर से बाहर कर दिया जाएगा।
इसके अलावा मंदिर में चढ़ाए जाने वाले नारियल को रिसाइकिल करने के निर्देश भी दिए गए। ट्रस्टियों और व्यवस्थापकों के साथ मिलकर पूरे कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद वितरण की योजना भी तैयार की गई।
निरीक्षण के दौरान ट्रस्टी अनिल शर्मा, सीमा गिरी और राजगिरी महाराज सहित अन्य अधिकारी और व्यवस्थापक मौजूद रहे।

