तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में दर्शन के लिए इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तथा सुगम दर्शन के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है।
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में केवल पंक्तिबद्ध होकर ही दर्शन करें और दर्शन के तुरंत बाद सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाएं, ताकि परिसर में अनावश्यक भीड़ जमा न हो और व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।
इधर मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर चंद्रशिला ट्रैक को दोपहर 12 बजे के बाद पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोई भी तीर्थयात्री दोपहर 12 बजे के बाद चंद्रशिला ट्रैक पर जाने का प्रयास न करे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा है और मौसम के अनुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे।

