हल्द्वानी : इंटरनेट मीडिया ने लोगों के सामने हुनर दिखाने के लिए खुला आसमान रख दिया है। अब आप किसी कंपनी या संस्था के मोहताज नहीं हैं। आपमें कुछ करने का जुनून है तो अवसर न होने का रोना रोने की बजाए इंटरनेट मीडिया के ओपेन प्लेटफॉर्म पर आएं, अपना हुनर दिखाएं और लोगों का प्यार पाने के साथ शानदार कॅरियर भी बनाएं। यह कहना है नैनीताल निवासी यूट्यूबर अजय सिंह बिष्ट का। जो यूट्यूब की दुनिया में अब एक जाना पहचाना नाम हैं। बच्चों को मोटिवेशनल विडियो दिखाकर लाखों कमाते हैं। उनके यूट्यूब चैनल का नाम जैप्पी टून्स है। जिस पर बच्चों के लिए हिंदी राइम्स व कहानियों की भरमार है।
नैनीताल जिले के कालाढूंगी तहसील के रहने वाले 29 वर्षीय अजय की रचनात्मकता बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय है। 10 मिलियन सब्सक्राइबर के साथ रोजाना 80 लाख से अधिक बच्चे चैनल के प्रेरक वीडियो देखते हैं। सोशल मीडिया सांख्यिकी व विश्लेषण पर नजर रखने वाली अमेरिकी वेबसाइट सोशल ब्लेड ने जैप्पी ट्रन्स को शिक्षा श्रेणी में 30 की वैश्विक रैंक दी है। अजय ने दावा किया कि वह भारत में दूसरे नंबर के शिक्षा चैनल हैं। उन्होंने आठ यूट्यूब सिल्वर बटन, तीन गोल्ड व एक डायमंड प्राप्त किया है।
चार साल पहले शुरू किया चैनल
कुमाऊं इंजीनियरिंग कॉलेज द्वाराहाट से साफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले अजय ने जून 2017 में चैनल शुरू किया। अजय ने बताया कि थ्रीडी एनिमेशन आधारित वीडियो तैयार करने के लिए उनके साथ 30 युवाओं की टीम काम करती है। चैनल से 20 से 25 लाख रुपये मासिक कमाई होती है। दस वर्षों से डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में कार्यरत अजय दो हजार युवाओं को यह हुनर सिखा चुके हैं।
कुछ सोचते हैं तो उसे तत्काल करें : अजय
अजय अमेरिकन एक्सप्रेस, ओयो, फ्लिपकार्ट, सिटी बैंक व इंडिया टुडे के लिए यूट्यूब कंसल्टेंट के तौर पर काम कर चुके हैं। अपने सफर के बारे में बताते हुए अजय कहते हैं कि संघर्ष व निरंतर अभ्यास से ही किसी लक्ष्य तक पहुंचा जा सकता है। असफलता से सीख लेते हुए अधिक विश्वास के साथ फिर से अपने मिशन में जुटना चाहिए। अजय कहते हैं अगर आप कुछ करने की सोचते हैं तो उसकी शुरुआत तत्काल कर देनी चाहिए।

.jpeg)
.jpeg)

