Monday, June 15, 2026
Homeपौड़ी गढ़वालमुख्यमंत्री धामी ने पौड़ी में विज्ञान संग्रहालय का किया लोकार्पण, कंडोलिया महोत्सव...

मुख्यमंत्री धामी ने पौड़ी में विज्ञान संग्रहालय का किया लोकार्पण, कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव बनाने की घोषणा

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के दौरे के दौरान जिला मुख्यालय स्थित श्रीनगर रोड पर नव विकसित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ करते हुए इसे राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को ₹110.55 करोड़ की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 14 योजनाओं का शिलान्यास तथा 5 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

विज्ञान संग्रहालय के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में विकसित विज्ञान आधारित गतिविधियों, इंटरएक्टिव मॉडलों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां बच्चे विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे विज्ञान संग्रहालय बच्चों में जिज्ञासा, अनुसंधान की भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र जनपद के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और रामलीला मैदान में कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और राज्य सरकार विकास को पहाड़ के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार और होमस्टे योजनाओं का भी उल्लेख किया।

युवाओं के हितों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है तथा पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक और खेल अवस्थापना से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी तथा रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देंगी।

कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments