Monday, August 17, 2026
Homeपौड़ी गढ़वालकोटद्वार में हाईवे पर हाथियों का उत्पात, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; लगा लंबा...

कोटद्वार में हाईवे पर हाथियों का उत्पात, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; लगा लंबा जाम

कोटद्वार। पौड़ी हाईवे पर सोमवार सुबह सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच अचानक हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया और वाहनों के पीछे दौड़ पड़े। इस दौरान हाथियों ने तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों को हाईवे पर देख राहगीरों और वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 7:45 बजे की है। हाथियों के हाईवे पर पहुंचने से दोनों ओर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। कोटद्वार से पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों में जाने वाले शिक्षक भी जाम और हाथियों की मौजूदगी के कारण देरी से रवाना हुए।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों को हाईवे से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी घटनास्थल के आसपास घूम रहा है और दोबारा हाईवे की ओर आने का प्रयास कर रहा है। इसे देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर निगरानी बनाए हुए है।

हाथियों को देखने उमड़ी भीड़, लोगों में दहशत

हाथियों के हाईवे पर आने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने हाथियों की गतिविधियों के वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में सड़क पर हाथियों का झुंड और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।

सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग

व्यस्त हाईवे और आबादी वाले क्षेत्र में हाथियों के पहुंचने से एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा सामने आया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और हाईवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments