देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के अनुसार 28 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में तेज मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग ने नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 29 अप्रैल को देहरादून, टिहरी समेत अन्य जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। इसके अलावा 28 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के अन्य हिस्सों में भी खराब मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
स्थिति को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

