ग्राम पंचायत तालजामण के जंदरियाण, बडेथ और थपोनी तोक में लगातार हो रही बारिश से हालात गंभीर हो गए हैं। बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। खतरे को देखते हुए यहां रह रहे 10 परिवारों ने अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ले ली है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले वर्ष आई आपदा के दौरान भी क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ था। उस समय शासन-प्रशासन की ओर से सुरक्षा दीवार बनाने और अन्य सुरक्षात्मक कार्य कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते इन कार्यों को धरातल पर नहीं उतारा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पिछले वर्ष ही सुरक्षा दीवार और भूस्खलन रोकने के जरूरी कार्य करा दिए जाते तो इस बार नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। फिलहाल जमीन लगातार दरक रही है और पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण लोगों की जान-माल पर खतरा मंडरा रहा है।
सुरेंद्र सिंह, अनूप सिंह, आशीष राणा, श्रीपाल बिष्ट, द्वारिका समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद अभी तक शासन-प्रशासन का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को राहत और सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

