रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप शनिवार सुबह पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण मार्ग एक बार फिर अवरुद्ध हो गया। शुक्रवार रात हुई बारिश के चलते पहाड़ी से मलबा और बोल्डर मार्ग पर आ गए, जिससे केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई।
मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना शनिवार सुबह जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दूरभाष के माध्यम से दी गई। इसके बाद केंद्र ने डीडीएमए गुप्तकाशी के कनिष्ठ अभियंता को इसकी जानकारी दी। डीडीएमए की ओर से बताया गया कि क्षेत्र में फिलहाल बारिश जारी है। मौसम सामान्य होने के बाद मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल सोनप्रयाग और गौरीकुंड में केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को रोक दिया है। मार्ग सुचारु होने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और पैदल मार्ग की स्थिति को देखते हुए सहयोग करें और मार्ग खुलने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें।

