रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश के बीच रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय में केदारनाथ हाईवे को बदरीनाथ हाईवे से जोड़ने वाली निर्माणाधीन सुरंग के बाहरी ढलान पर भूस्खलन हो गया। मलबा आने से सुरंग के समीप स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में भवन का जेनरेटर कक्ष पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके भीतर भारी मात्रा में मलबा भर गया।
घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार सुबह जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सुरंग के बाहरी ढलान पर पहले से सुरक्षा उपचार (स्लोप ट्रीटमेंट) किया गया था, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन की घटना हुई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माणाधीन सुरंग पूरी तरह सुरक्षित है और उसके ढांचे को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की टीम पूरे ढलान का तकनीकी आकलन करेगी, जिसके आधार पर आवश्यक उपचार और सुरक्षा कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और स्लोप ट्रीटमेंट का कार्य निर्माण एजेंसी और संबंधित ठेकेदार द्वारा कराया जाएगा। भविष्य में यदि अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की आवश्यकता महसूस हुई तो उन्हें भी लागू किया जाएगा, ताकि सुरंग और राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यातायात सुचारु बना रहे।

