देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए कई जिलों में तेज तूफान, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं केदारनाथ धाम में शुक्रवार से लगातार बर्फबारी हो रही है। आगामी 22 अप्रैल को धाम के कपाट खुलने हैं, ऐसे में मौसम की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेशभर में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम का असर मैदानी इलाकों में भी पड़ेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार 9 अप्रैल तक राज्यभर में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। शुक्रवार को भी बादल और हवाओं के चलते मैदानी इलाकों का तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
प्रशासन अलर्ट मोड में
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। खराब मौसम को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित या नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील इलाकों में आवागमन पर नजर रखने, आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट पर रखने और अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि मौसम चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

