देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ इसी महीने से ‘बूथ जीतो अभियान’ शुरू करने की रणनीति तैयार की है। संगठन महासचिव बीएल संतोष की अगुवाई में हुई राज्य कोर ग्रुप की बैठक में चुनाव से पहले विकास यात्रा शुरू करने, विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर नाराजगी दूर करने और लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित करने की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
करीब तीन घंटे चली बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कोर ग्रुप के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में संघ और भाजपा के आंतरिक सर्वे पर आधारित रिपोर्ट पर भी गंभीर मंथन किया गया। साथ ही सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों और मंत्रियों के क्षेत्रवार प्रवास की रणनीति तैयार की गई।
विधायकों की नाराजगी दूर करने पर जोर
बैठक में स्थानीय स्तर पर विधायकों के खिलाफ सामने आ रही नाराजगी को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया गया। राज्य इकाई को ऐसे विधायकों को क्षेत्र में किए गए वादों को पूरा करने के निर्देश देने को कहा गया है। पार्टी का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर संगठन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी को कम करना है।
सितंबर से तेज होंगे केंद्रीय नेताओं के दौरे
अगले महीने से सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व सांसदों को अलग-अलग क्षेत्रों में प्रवास करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें चिन्हित क्षेत्रों में रात्रि विश्राम भी करना होगा। वहीं, सितंबर से केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे और प्रधानमंत्री की अलग-अलग क्षेत्रों में जनसभाओं का खाका तैयार करने को कहा गया है।
12 हजार बूथों पर सीधा संवाद
बैठक में इसी महीने से विकास यात्रा और लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी। पार्टी ने साल के अंत तक प्रदेश के करीब 12 हजार मतदान केंद्रों से जुड़े मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही पिछले चुनाव में भाजपा के हाथ से निकल गई 27 सीटों पर विशेष फोकस करने की रणनीति बनाई गई है।

