Wednesday, September 30, 2026
Homeउत्तरकाशीउत्तरकाशी में रेस्क्यू अभियान जारी, कालिंदी खाल और माउंट जोगिन से नौ...

उत्तरकाशी में रेस्क्यू अभियान जारी, कालिंदी खाल और माउंट जोगिन से नौ पर्वतारोही सुरक्षित निकाले

उत्तरकाशी जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम के बीच फंसे पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को कालिंदी पास और माउंट जोगिन क्षेत्र से कुल नौ पर्वतारोहियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सोमवार और मंगलवार को मिलाकर अब तक 49 लोगों को सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया जा चुका है।

कालिंदी खाल में फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण रेस्क्यू अभियान में कई चुनौतियां सामने आईं। मौसम अनुकूल होने के बाद बचाव कार्य दोबारा शुरू किया गया और ट्रेकर्स को हेलिकॉप्टर के माध्यम से हर्षिल पहुंचाया गया।

हर्षिल हेलीपैड पर रेस्क्यू किए गए लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को देखते हुए भोजन, गर्म पानी और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई है। वहीं, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में रेस्क्यू टीमों और हेलिकॉप्टर के पायलट के बीच अभियान को लेकर समन्वय और आगे की योजना तैयार की गई।

माउंट जोगिन क्षेत्र की रेकी के लिए एसडीआरएफ के दो जवान भी रवाना किए गए हैं। टीम क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षित मार्ग का आकलन कर रही है, ताकि वहां फंसे अन्य पर्वतारोहियों को भी सुरक्षित निकाला जा सके।

इससे पहले सोमवार को मौसम साफ होने के बाद चार हेलिकॉप्टरों की मदद से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था। ओडन कॉल पास से आईटीबीपी की दो टुकड़ियों और वन विभाग की टीम ने अभियान चलाकर 29 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद एसडीआरएफ और एनआईएम की टीम ने कालिंदी खाल से 11 पर्वतारोहियों को सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया। शाम को मौसम खराब होने के कारण अभियान रोकना पड़ा था।

रेस्क्यू अभियान में आईटीबीपी, एनआईएम, एसडीआरएफ, वन विभाग, पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें जुटी हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य आपदा कंट्रोल रूम से अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं और संबंधित टीमों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं। प्रशासन के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फंसे शेष लोगों को मौसम और परिस्थितियों के अनुरूप सुरक्षित निकालने का अभियान जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments