अल्मोड़ा। फ्लाइंग कार बनाकर देश-विदेश में चर्चा में आए अल्मोड़ा के काफलीखान निवासी रवि टम्टा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने एक सीट वाले इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल ‘हपिडा स्काइनेक्स’ के बारे में केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी।
रवि टम्टा ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री के साथ वाहन के विकास, सुरक्षा मानकों और भारत में निजी हवाई सफर की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने अब तक की प्रगति और परियोजना की आगामी कार्ययोजना भी मंत्री के सामने रखी।
मंजूरी और प्रमाणन प्रक्रिया पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान फ्लाइंग व्हीकल के लिए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से आवश्यक मंजूरी, तकनीकी जांच, सुरक्षा मानकों और प्रमाणन प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। रवि टम्टा के मुताबिक केंद्रीय मंत्री ने उनके प्रयास की सराहना की और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
रवि ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के प्रोत्साहन से उन्हें परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है। अब उनका मुख्य फोकस वाहन की जरूरी सरकारी मंजूरियां हासिल करने, तकनीकी जांच पूरी कराने और प्रमाणन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर रहेगा।
अल्मोड़ा में हो चुका है ट्रायल
रवि टम्टा की ओर से विकसित एक सीट वाले इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल ‘हपिडा स्काइनेक्स’ का अल्मोड़ा में परीक्षण भी किया जा चुका है। ट्रायल के बाद इस उड़ने वाले वाहन को लेकर लोगों में काफी चर्चा हुई थी।
रवि टम्टा का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल एक फ्लाइंग व्हीकल तैयार करना नहीं है, बल्कि भारत में निजी हवाई सफर के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशना भी है। जरूरी सरकारी मंजूरियों और प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को अगले चरण में ले जाने की तैयारी है।

