चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल ‘वैली ऑफ फ्लावर्स’ (फूलों की घाटी) की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता अब विशेष चित्रित पोस्टकार्ड के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचेगी। ज्योतिर्मठ डाक विभाग, उत्तराखंड परिमंडल ने इस अनूठी पहल की शुरुआत करते हुए विशेष पोस्टकार्ड का विमोचन किया।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल शशि शालिनी कुजूर ने विशेष पोस्टकार्ड जारी करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना तथा पर्यटन को बढ़ावा देना है।
विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान अपने दुर्लभ अल्पाइन पुष्पों, जैव विविधता और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के लिए जाना जाता है। हर वर्ष देश-विदेश से हजारों पर्यटक यहां की प्राकृतिक छटा का आनंद लेने पहुंचते हैं।
डाक विभाग का मानना है कि यह विशेष पोस्टकार्ड न केवल उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर का प्रभावी प्रचार करेगा, बल्कि लोगों को इस विश्व धरोहर स्थल के संरक्षण और इसकी अनूठी सुंदरता से भी जोड़ने का माध्यम बनेगा। यह पहल राज्य के पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

