Monday, August 10, 2026
Homeहरिद्वारहरिद्वार में तेज बारिश से कांवड़ यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, जलभराव में...

हरिद्वार में तेज बारिश से कांवड़ यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, जलभराव में फंसे वाहन

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार को तेज बारिश ने कांवड़ यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सुबह से जारी वर्षा के बीच हरिद्वार से कांवड़ यात्रियों की वापसी का सिलसिला जारी रहा। कई स्थानों पर जलभराव के कारण कांवड़ यात्रियों के वाहन फंस गए, जबकि अधिकांश पार्किंग स्थल भी पानी में डूब गए। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षित वापसी पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है।

खराब मौसम के बावजूद शिवभक्तों के हरिद्वार पहुंचने और गंगाजल लेकर लौटने का क्रम जारी रहा। हाईवे पर डाक कांवड़ और बाइकर्स कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ बनी रही। तेज बारिश के बीच कांवड़ वाहनों का दबाव बढ़ने से पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने के साथ यात्रियों की सुरक्षा में भी जुटे रहे।

हरकी पैड़ी के निचले बाजारों में भरा पानी

सोमवार सुबह जलभराव वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की नए सिरे से ड्यूटी लगाई गई। हरिद्वार आने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या में भले ही कमी आई है, लेकिन वापसी करने वाले यात्रियों का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश के चलते हरकी पैड़ी क्षेत्र के निचले बाजारों में जलभराव हो गया। कई सड़कों पर पानी भरने से स्थानीय लोगों के साथ कांवड़ यात्रियों को भी आवाजाही में परेशानी हुई।

मध्य हरिद्वार में भगत सिंह चौक स्थित अंडरपास में पानी भरने से कांवड़ यात्रियों के कई वाहन फंस गए। पानी अधिक होने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

एसएसपी ने खुद संभाली व्यवस्थाओं की कमान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने खुद मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों, कांवड़ यात्रियों की आवाजाही वाले मार्गों और हाईवे की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

एसएसपी ने संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बारिश, जलभराव और हाईवे पर बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच पुलिस जगह-जगह मोर्चा संभाले हुए है। फिलहाल पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है, ताकि आस्था के इस सफर के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments